
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 से 29 जून, 2026 तक सेशेल्स की राजकीय यात्रा पर रहेंगे। वह अपने मित्र और सेशेल्स गणराज्य के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के निमंत्रण पर सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस के स्वर्ण जयंती समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यात्रा से पहले जारी प्रस्थान वक्तव्य में प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि यह दौरा दोनों देशों के संबंधों को नई मजबूती देगा।
भारत-सेशेल्स संबंधों के 50 वर्ष पूरे
प्रधानमंत्री ने कहा कि सेशेल्स भारत का महत्वपूर्ण समुद्री पड़ोसी और ‘विजन महासागर’ तथा वैश्विक दक्षिण के प्रति साझा प्रतिबद्धता का प्रमुख भागीदार है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष दोनों देश राजनयिक संबंधों की स्थापना के 50 वर्ष भी मना रहे हैं। यह साझेदारी आपसी विश्वास, साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, विविधता के सम्मान और दोनों देशों के लोगों के बीच गहरे आत्मीय संबंधों पर आधारित है।
राष्ट्रपति हर्मिनी के साथ होगी द्विपक्षीय वार्ता
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि फरवरी 2026 में राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी की सफल भारत यात्रा के बाद वह उनसे होने वाली वार्ता को लेकर उत्सुक हैं। उन्होंने कहा कि दोनों नेता स्थायी मित्रता को और मजबूत करने, लोगों की प्रगति को आगे बढ़ाने तथा हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षा और समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए मिलकर काम करेंगे।
सेशेल्स की राष्ट्रीय सभा को करेंगे संबोधित
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस यात्रा के दौरान उन्हें सेशेल्स की राष्ट्रीय सभा को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बनने का गौरव प्राप्त होगा। उन्होंने इसे ऐतिहासिक अवसर बताते हुए कहा कि यह दोनों देशों के मजबूत लोकतांत्रिक मूल्यों और संसदीय परंपराओं को प्रदर्शित करेगा।
भारतीय समुदाय से भी करेंगे मुलाकात
पीएम मोदी ने कहा कि वह सेशेल्स में बसे भारतीय समुदाय से मिलने के लिए भी उत्सुक हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय समुदाय ने पीढ़ियों से भारत और सेशेल्स की विशेष मित्रता को मजबूत किया है और दोनों देशों के बीच एक जीवंत सेतु की भूमिका निभाई है।
हिंद महासागर में सहयोग को मिलेगा नया बल
प्रधानमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि उनकी यह यात्रा भारत और सेशेल्स के लंबे समय से चले आ रहे संबंधों को और गहरा करेगी। साथ ही हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सहयोग को बढ़ावा मिलेगा और सुरक्षित, शांतिपूर्ण तथा समृद्ध हिंद महासागर क्षेत्र के साझा दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।